Accident : रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर, पांच लोगों की मौके पर ही मौत
Road Accident : ग्वालियर में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे की खबर ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। सिरोल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 44 पर एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी, जिसमें कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव वाहन की बॉडी में चिपक गए।
मृतकों की पहचान अभिमन्यु तोमर, आदित्य जादौन, राज पुरोहित, कौशलेंद्र भदौरिया और प्रिंस राजावत के रूप में हुई है। ये सभी ग्वालियर के निवासी बताए जा रहे हैं और झांसी की ओर से लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, फॉर्च्यूनर कार तेज गति से हाईवे पर आ रही थी और ट्रैक्टर-ट्रॉली उसी दिशा में रेत भरकर जा रही थी। अचानक कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी शक्तिशाली थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रॉली के नीचे घुस गया और पूरा ढांचा कुचल गया।
राहत कार्य के दौरान पुलिस को शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Public reporter 



