घोषणा के छ: माह बाद भी तमता में नहीं शुरू हुआ थाना, बीडीसी ने लिखा मुख्‍यमंत्री को पत्र, थाना प्रारंभ कराने हेतु निर्देश देने की मांग

घोषणा के छ: माह बाद भी तमता में नहीं शुरू हुआ थाना, बीडीसी ने लिखा मुख्‍यमंत्री को पत्र, थाना प्रारंभ कराने हेतु निर्देश देने की मांग

तमता। घोषणा के छ: माह बाद भी ग्राम पंचायत तमता में थाना की शुरूआत अभी तक नहीं हो पाई है। इसे लेकर ग्रामीणों में निराशा देखने को मिल रही है। इसे देखते हुए जनपद सदस्‍य ने मुख्‍यमंत्री को पत्र लिखकर उनकी घोषणा की याद दिलाते हुए इस पर जल्‍द से जल्‍द अमल किए जाने की मांग की है।

उल्‍लेखनीय है कि ग्राम पंचायत तमता में थाना खोले जाने की मांग अर्सा पुरानी है। तहसील मुख्‍यालय पत्‍थलगांव से करीब 22 किमी दूरी पर स्थित यह ग्राम पंचायत बालाझर,पण्‍डरीपानी,डूमरबहार,शेखरपुर, चंदागढ, खरकट्टा,खारढोढ़ी समेत करीब दर्जन भर पंचायतों के केंद्र पर स्थित है। इन पंचायतों के रहवासी अपनी अधिकांश जरूरतों के लिए तमता पर ही आश्रित हैं। ऐसे में तमता में थाना प्रारंभ किए जाने से इन सभी पंचायतों के लोग लाभान्वित होंगे। बताया जाता है कि क्षेत्र में सबसे पहले ग्राम तमता में ही थाना हुआ करता था परंतु बाद में क्षेत्र की व्‍यापक जरूरतों को ध्‍यान में रखते हुए इसे पत्‍थलगांव स्‍थानांतरित कर दिया गया। तब से यहां न तो थाना है और न ही कोई चौकी ही क्षेत्र में संचालित है और लोगों को हर छोटे बड़े काय के लिए पत्‍थलगांव दौड़ना पड़ता है। ऐसे में ग्रामीणों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से आकस्मिक परिस्थितियों में पत्‍थगांव पहुंचकर कार्य संपादित करा पाना ग्रामीणों के लिए टेढ़ी खीर साबित होता है। इसे लेकर ग्रामीण तमता में पूर्व की ही भांति तमता में थाना खोले जाने की मांग करते रहे हैं। जनपद सदस्‍य रमेश यादव ने इसे लेकर मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय को पत्र लिखकर इस ओर उनका ध्‍यानाकर्षण कराया है। उन्‍होंने बताया कि क्षेत्र की जरूरतों को ध्‍यान में रखते हुए ग्राम पंचायत तमता में नवीन पुलिस थाना की घोषणा 22 दिसंबर 2024 को की गई थी। परंतु इसका कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हुआ है। पत्र में उनका कहना है कि तमता से पत्थलगांव थाना की दूरी 22 कि.मी. है। जिससे क्षेत्र की जनता को कई सारी कठिनाइयो का सामना करना पड़ता है। उन्‍होंने क्षेत्र में हो रही अपराधिक घटनाओ को रोकने के लिए एवं क्षेत्र के हितों को देखते हुए मुख्‍यमंत्री से ग्राम पंचायत तमता में नवीन पुलिस थाना बनाए जाने का निर्देश दिए जाने की मांग की है।