तमता में सुशासन तिहार का आयोजन, विधायक गोमती साय और जि पं अध्यक्ष सालिक साय के साथ ही अंत्यावसायी आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र बेसरा भी हुए शामिल, समस्याओं की जानकारी लेकर अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
तमता। सुशासन तिहार के तहत ग्राम पंचायत तमता में आयोजित समाधान शिविर में विधायक गोमती साय शामिल हुईं। यहां वे नागरिकों से रूबरू हुईं और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
छत्तीसगढ़ सरकार की महत्त्वाकांक्षी पहल "सुशासन तिहार" अब राज्य के कोने-कोने तक अपनी छाप छोड़ रही है। इसके पहले चरण में लोगों से उनकी समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन जमा कराए गए थे। दूसरे चरण में विभागों के द्वारा इन आवेदनों का निराकरण किया गया। इसके तीसरे चरण में प्रदेश के सभी भागों में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं, जिसमें जनप्रतिनिधिगण आम लोगों के रूबरू होकर उनकी समस्याओं के लिए विभागों द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इस संबंध में कोई असंतोष होने पर अधिकारियों को जनसमस्याओं के निराकरण के लिए प्रेरित किर रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इस जनकल्याणकारी योजना के अंतर्गत शासन जनता के द्वार तक पहुँच रहा है और समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज ग्राम पंचायत तमता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक श्रीमती गोमती साय ने स्वयं उपस्थित होकर नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त और निराकृत आवेदनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कई आवेदनों को प्राथमिकता देते हुए अनेक मुद्दों का स्थल पर ही समाधान सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि जनसंवाद, त्वरित समाधान और सेवाओं की सीधी पहुँच ने आम जनता के बीच विश्वास को और भी मजबूत किया है। यह शिविर न केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम बना, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि छत्तीसगढ़ सरकार हर वक्त, हर स्थान पर आमजन के साथ खड़ी है। आज के कार्यक्रम मे मुख्य रूप से छह अन्त्यावसायी आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बेसरा, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, वरिष्ठ नेता मनीष अग्रवाल, पत्थलगांव भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल, लुड़ेग तमता मंडल अध्यक्ष विशाल अग्रवाल, सरपंच सीता बाज, जनपद सदस्य समेत विभागों के अधिकारी व कर्मचारीगण, भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





