अयोध्या: राममंदिर के शिखर पर ध्वज फहराने की तैयारियां पूरी, 25 नवंबर को PM मोदी बटन दबाकर फहराएंगे

अयोध्या: राममंदिर के शिखर पर ध्वज फहराने की तैयारियां पूरी, 25 नवंबर को PM मोदी बटन दबाकर फहराएंगे

उत्तर प्रदेश: अयोध्या के राममंदिर के शिखर पर ध्वज फहराने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 25 नवंबर को PM नरेंद्र मोदी बटन दबाकर ध्वज को फहराएंगे, उनके साथ मोहन भागवत भी मौजूद रहेंगे। इसके लिए 12 बजे से 12.30 बजे के बीच अभिजीत मुहूर्त तय किया गया है।

बटन दबाने के बाद 10 सेकेंड में ही ध्वज हवा में फहराने लगेगा। केसरिया रंग के खास ध्वज पर सूर्य, ॐ और कोविदार (अयोध्या का शाही वृक्ष, जो कचनार के नाम से जाना जाता है) के प्रतीक बने हुए हैं। ये सभी चिह्न सूर्यवंश के प्रतीक है। ध्वज को वैदिक मंत्रों के बीच सलामी दी जाएगी। ध्वज फहराते ही मंदिर परिसर में घंटे-घड़ियाल बजने लगेंगे।

वहीं, राममंदिर के शिखर पर मंगलवार को ध्वजा फहरा कर ट्रायल किया गया। इसके अलावा ध्वजारोहण समारोह की तैयारियां देखने सीएम योगी भी अयोध्या पहुंचे।

राम मंदिर के 161 फीट ऊंचे शिखर पर 42 फीट ऊंचा स्तंभ स्थापित किया गया है। इसी स्तंभ पर 22 फीट लंबी और 11 फीट चौड़ी पताका फहराएगी, जो 3Km दूर से दिखेगी। आयोजन में कब क्या होगा? PM मोदी का मूवमेंट कैसा रहेगा?

ऑटोमैटिक फ्लैग होस्टिंग से ध्वज बदलेगा

ध्वज फहराने के लिए ऑटोमैटिक फ्लैग होस्टिंग सिस्‍टम लगाया गया है। ध्वज बदलने के लिए भी इस सिस्टम की मदद ली जाएगी। हालांकि, ट्रस्ट ने अभी ये नहीं क्लियर किया है कि कितने-कितने अंतराल के बाद ये ध्वज बदला जाएगा। हवा के बहाव के साथ ध्वज 360 डिग्री पर घूम सकेगा।

राम मंदिर में पहली बार राम-सीता विवाह उत्सव मनाया जा रहा है। इस दौरान 8 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है। इनमें से ढाई हजार लोगों के रुकने के लिए तीर्थ पुरम में टेंट सिटी बसाई जा रही है। 25 नवंबर को VIP मूवमेंट की वजह से आम लोग दर्शन नहीं कर सकेंगे। ट्रस्ट के अनुसार, भक्त 26 नवंबर को ही दर्शन कर सकेंगे।

PM का 3 घंटे का दौरा, हनुमानगढ़ी के बाद राम मंदिर जाएंगे

अयोध्या में PM मोदी का दौरा 3 घंटे का होगा। वह 11 बजे अयोध्या पहुंच जाएंगे। पीएम मोदी राम मंदिर से पहले हनुमानगढ़ी पहुंचेंगे। वहां दर्शन-पूजन करेंगे। वह रामलला समेत राम दरबार के दर्शन कर आरती उतारेंगे। अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12 से 12.30 के बीच 191 फीट ऊंचे शिखर पर पीएम मोदी ध्वजारोहण करेंगे।

PM सप्त मंदिर परकोटा, शेषावतार मंदिर और रामायण के श्री डी म्यूरल्स भी देख सकते हैं। फिर वो मंदिर में काम करने वाले इंजीनियर और श्रमिकों से मुलाकात कर सकते हैं। उनके लिए मां अन्नपूर्णा मंदिर के पीछे ग्रीन हाउस तैयार किया गया है। SPG ने यहां की सिक्योरिटी अपने कब्जे में रखी है।