छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में 350 बोरा अवैध धान पकड़ाया
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में 350 बोरा अवैध धान पकड़ाया है। ओडिशा का धान यहां अवैध तरीके से बेचने की तैयारी थी। हालांकि, मौके पर पहुंची राजस्व की टीम ने एक ट्रक धान पकड़ लिया है। मामला नानगुर थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा राज्य की सीमा पर अवैध धान परिवहन को रोकने प्रशासन ने दल तैनात किए है। जगदलपुर और नानगुर तहसील के राजस्व विभाग के संयुक्त गश्ती दल ने तहसील नानगुर के पुसपाल के पास जोजल गांव में एक मालवाहक ट्रक को अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए पकड़ा।
धान जब्त कर आगे की कार्रवाई जारी
इस संबंध में नानगुर तहसीलदार दीपिका देहारी ने बताया कि, ये कार्रवाई सोमवार (8 दिसंबर) रात लगभग 11ः45 बजे की गई है। गश्त टीम ने संदेह के आधार पर ट्रक (क्रमांक सीजी 04 जे 3195) को रोका था। ये ट्रक ओडिशा राज्य की तरफ से आ रहा था। ट्रक में लगभग 350 बोरा धान था। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम बुधु बताया।
ये ओडिशा का रहने वाला है। बुधु से जब धान के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज दिखाने को कहा गया, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।जिससे ये स्पष्ट रूप से मंडी अधिनियम का उल्लंघन पाया गया। अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर संयुक्त राजस्व दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन सहित 350 बोरा अवैध धान को जब्त कर लिया।
जब्त किए गए धान और वाहन को मंडी अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना नानगुर के सुपुर्द कर दिया गया है। राजस्व विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्रों से होने वाले अवैध धान परिवहन पर लगाम कसने में मदद मिलेगी।

Public reporter 



