CG- घर से अचानक गायब हो गये प्रेमी जोड़े, फिर गोठान में इस हालत में मिले, पुलिस के पास खबर…
कोरिया 16 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामपानी में बने गौठान परिसर में एक युवक और एक युवती के शव फंदे से लटके हुए मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी सुबह होते ही ग्रामीणों में भय, आशंका और शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत युवक की पहचान ग्राम जामपानी निवासी केशव के रूप में हुई है, जबकि मृत युवती की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि युवक केशव बीते दो दिनों से घर से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था। इसी बीच गौठान परिसर में दोनों के शव मिलने से मामला और अधिक गंभीर हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब कुछ लोग गौठान की ओर गए, तो वहां दोनों के शव फंदे से लटके हुए दिखाई दिए। यह दृश्य देखते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल इसकी सूचना गांव के सरपंच और फिर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया।
पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद शवों को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
युवती की पहचान न हो पाने से मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा रहा है, ताकि युवती की शिनाख्त की जा सके। वहीं युवक केशव के परिजनों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है कि वह किन परिस्थितियों में घर से निकला था और उसकी किन लोगों से मेल-जोल था।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ लोगों का कहना है कि मामले के पीछे कोई और कारण भी हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना से इनकार या पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह, इसकी जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

Public reporter 



