छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगा तापमान, दिन और रात दोनों में महसूस हो रही गर्मी
रायपुर । छत्तीसगढ़ में मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है और दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है।
वहीं न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। साफ आसमान और नमी की कमी के कारण दिन में हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रातें भी पहले की तुलना में कम ठंडी हो गई हैं।
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में हल्का अंतर देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा, जिससे वहां सुबह और रात के समय ठंड का असर बना हुआ है।
दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री, माना एयरपोर्ट पर 29.6 डिग्री और जगदलपुर में 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर और पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सुबह के समय आर्द्रता अपेक्षाकृत अधिक रहने से हल्की ठंडक महसूस हुई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ नमी में कमी आई और मौसम शुष्क होता गया। आगे भी अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल बारिश या शीतलहर के कोई आसार नहीं हैं।

Public reporter 



