अचानक वोल्टेज की बढ़ोत्तरी से फूंक रहे बिजली के उपकरण, कुछ ही दिनाें में बिलाईटांगर मोहल्ले में हुईं कई घटनाएं, लोगों में नाराजगी कहा उपकरणों की आग से घरों में आग लगने का डर, नष्ट हुए उपकरणों के लिए विभाग से करेंगे भरपाई की मांग
पत्थलगांव। हाई वोल्टेज से लोगों के घरों में लगे उपकरण स्वाहा हो रहे हैं। इसमें मिक्सी,चार्जर,पंखों से लेकर टीवी जैसे उपकरण भी शामिल हैं। दूसरी ओर विभाग मूक दर्शक बना हुआ है। बार - बार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में दहशत घर कर गई है। लोगों का कहना है कि इससे घरों में आग लगने की स्थिति बन रही है।
शहर की विद्युत व्यवस्था बीते एक अर्से से चर्चा का विषय बनी हुई है। कभी बार - बार बिजली गुल हो जाने को लेकर विभाग आलोचनाओं और लोगों के आक्रोश का शिकार बन रहा है तो कभी पत्थलगांव से कार्यालय स्थानांतरित किए जाने को लेकर विभाग को जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की नाराजगी से दो चार होना पड़ रहा है। शहर के कुछ इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है तो अब बिलाईटांगर मोहल्ले में अचानक वोल्टेज में हो रही वृद्धि लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। पशु चिकित्सालय से आगे मोड़ के पास से बिलाईटांगर मोहल्ले की शुरूआत से ही बिजली सप्लाई में वोल्टेज में अचानक बढ़ोत्तरी हो रही है। यहां के रहवासियों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से यह समस्या बार - बार आ रही है। अचानक से वोल्टेज इतना अधिक बढ़ जाता है कि बिजली के उपकरण शाॅर्ट सर्किट का शिकार हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि घरों में इस्तेमाल होने वाले उपकरण अधिकतम 220 से 240 वोल्ट की सप्लाई के हिसाब से बने होते हैं और इससे अधिक वोल्टेज बर्दाश्त नहीं कर सकते परंतु बिजली सप्लाई में वोल्टेज इतना अधिक बढ़ जाता है कि उपकरण न सिर्फ खराब हो रहे हैं अपितु जल जा रहे हैं। आलम यह है कि बीते कुछ दिनों में ही चार्जर, मिक्सर और पंखे से लेकर टीवी इसकी चपेट में आ चुके हैं। स्थिति यहां तक उत्पन्न हुई है कि इन उपकरणों में आग लग चुकी है। गनीमत यह रही कि आग लगने के दौरान तुरंत ही लोगों की इन पर नजर पड़ गई और उन्होंने इन्हें घरों से बाहर निकालकर फेंक दिया जिससे कोई गंभीर घटना होने से बच गई। लोगों का कहना है कि लोगों के सामने यह घटना नहीं होने पर घरों में कोई बड़ी आग लगने की घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। गौरतलब है कि यह इलाका शहर के घनी आबादी वाले इलाकों में से एक है और घर आपस में सटकर बने हुए हैं। जिससे कोई छोटी सी घटना भी बड़ा रूप ले सकती है। लोगों का कहना है कि विभाग को इस बारे में सूचना दी जा चुकी है परंतु विभाग द्वारा इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। लोगों का कहना है कि विभाग को जल्द से जल्द व्यवस्था में सुधार करना चाहिए ताकि आगे लों को हो रहे नुकसान के साथ ही किसी गंभीर प्रकृति की घटना से बचा जा सके। लोगांे ने उनको हुए उपकरणों के नुकसान की भरपाई की भी मांग की है। उनका कहना है कि जल्द ही एक हस्ताक्षरित ज्ञापन इसे लेकर विभाग को सौंपा जाएगा।
‘‘आपके माध्यम से वस्तुस्थिति की जानकारी मिली है। समस्या को दिखवाता हूं।
मनीष खत्री, अधीक्षण यंत्री, सीएसपीडीसीएल पत्थलगांव





