शहर में बनेगी इकसठ फीट चौड़ी फोरलेन सड़क, बीच में डिवाईडर - दोनों ओर नाली, जनपद पंचायत में बुुलाई गई बैठक में प्रशासन ने दी जानकारी, कहा खुद हटा लें अतिक्रमण वर्ना हम हटाएंगे, लोगों ने कहा नहीं होना चाहिए पक्षपात, इंदिरा चौक से शुरू होकर तीनों सड़कों पर एक साथ चले कार्रवाई

शहर में बनेगी इकसठ फीट चौड़ी फोरलेन सड़क, बीच में डिवाईडर - दोनों ओर नाली, जनपद पंचायत में बुुलाई गई बैठक में प्रशासन ने दी जानकारी, कहा खुद हटा लें अतिक्रमण वर्ना हम हटाएंगे, लोगों ने कहा नहीं होना चाहिए पक्षपात, इंदिरा चौक से शुरू होकर तीनों सड़कों पर एक साथ चले कार्रवाई

सुरेन्‍द्र चेतवानी। पत्थलगांव। सड़क चैड़ीकरण को लेकर बुलाई गई बैठक मंे सड़क के मध्यबिंदु के दोनों ओर सवा नौ मीटर की सड़क बनाने पर सहमति बनी है। एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी ने इसके लिए गुरूवार से सड़क के मध्यबिंदु का चिन्हांकन कराने और इसके बाद अतिक्रमणकारियों द्वारा तय समय सीमा के भीतर अपना अतिक्रमण हटा लेने की बात कही है। उन्होंने तय समय सीमा के बाद अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की बात भी कही। 
उल्लेखनीय है कि शहरीकरण के साथ बढ़ते यातायात के दबाव से निपटने में सड़क की वर्तमान व्यवस्था नाकाफी सिद्ध हो रही है। आए दिन शहर में जगह - जगह ट्रैफिक जाम के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं के मामले भी बढ़ रहे हैं। इसे लेकर बार - बार शहरवासियों द्वारा लैलूंगा की तर्ज पर सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की जाती रही है। विधायक श्रीमती गोमती साय की मांग पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शहर में मजबूत और चैड़ी सड़कों का निर्माण कराने की घोषणा की थी। बताया जाता है कि शासन द्वारा इसके लिए राशि भी स्वीकृत कर दी गई है और अब लोक निर्माण विभाग इसकी कार्ययोजना तैयार करने में जुटा है। परंतु सड़कों के किनारे लगातार बढ़ता अतिक्रमण इसके आड़े आ रहा है। इसे लेकर कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन द्वारा लोगों की बैठक बुलाई गई थी। एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी, एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल, तहसीलदार प्रांजल मिश्रा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी जावेद खान और लोनिवि के अनुविभागीय अधिकारी संतोष पैंकरा, नपं अध्‍यक्ष संगीता सिंह, उपाध्यक्ष अजय बंसल,भाजपा के मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल,पार्षद संजय तिवारी की उपस्थिति में हुई बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान एसडीओ संतोष पैंकरा ने कुल साढ़े अठारह मीटर चैड़ाई में सड़क एवं अन्य अधोसंरचनाओं के निर्माण की जानकारी दी। एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी ने बताया कि शहर में 20 मीटर की भूमि सड़क के लिए लिए सुरक्षित रखी गई थी। इसे ध्यान में रखते हुए शहर की बढ़ती आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना बनाई गई है। इसके लिए साढ़े अठारह मीटर भूमि का खाली होना आवश्यक है। उन्होंने इस दायरे में आ रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए लोगों से सुझाव एवं सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि सड़क पर सर्वप्रथम चिन्हांकन की कार्रवाई होगी। जिसके बाद तय समय सीमा के भीतर लोगों को अपने अतिक्रमण हटाना होगा। इसमें विफल रहने वाले लोगों के खिलाफ प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी जिसमें लोगों को दण्डात्मक कार्यवाही का भी सामना करना पड़ सकता है।


लोगों ने निष्‍पक्ष कार्रवाई की की मांग
लोगों ने एसडीएम की कार्यवाही का समर्थन तो किया परंतु बैठक में भेद - भाव का मुद्दा जोर शोर से उठा। लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू तो की जाती है परंतु प्रभावशाली लोगों के दरवाजे तक पहुंचते - पहुंचते प्रशासन के हाथ - पांव फूलने लगते हैं। उल्लेखनीय है कि शहर में कई अतिक्रमण ऐसे हैं जो प्रभावशाली लोगों द्वारा किए गए हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे लोगों के अतिक्रमण को प्रशासन द्वारा छोड़ दिया जाता है जिससे आम लोगों में गलत संदेश जाता है। लोगों ने शहर के मुख्य चैक से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ करने और इसे तीनों सड़कों पर बराबर दूरी तक एक साथ चलाने के साथ ही निष्पक्षता पूर्वक संपूर्ण कार्रवाई करने की मांग रखी। 

फोर लेन सड़क का होगा निर्माण
बैठक के दौरान लोनिवि के अनुविभागीय अधिकारी संतोष पैंकरा ने बताया की शहर की आवश्यकता के अनुरूप साढ़े अठारह मीटर चैड़ाई में फोर लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क के मध्य बिंदु पर 40 सेमी का डिवाईडर बनेगा। इसके दोनों ओर सात - सात मीटर की सड़क बनेगी। इसके बाद एक मीटर का सोल्डर रहेगा जिसे जलापूर्ति के लिए पाईप सप्लाई लाईन, टेलीफोन केबल और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उपयोग किया जा सकेगा। इसके बाद 1 मीटर चैड़ाई में नाली का निर्माण होगा। बीच में डिवाईडर बन जाने से एक मार्गी यातायात होगा जिससे दुर्घटनाओं के साथ ही दिन भर होने वाले ट्रैफिक जाम पर अंकुश लग सकेगा। शहरों की तर्ज पर ही डिवाईडर में बीच में रिक्त स्थान छोड़े जाएंगे जिससे दूसरी ओर जाने वाले लोग सड़क पार कर सकेंगे। 

चालीस फीट चैड़ी सड़क की मांग
बैठक के दौरान कांग्रेस के अतुल त्रिपाठी और अन्य लोगों ने मध्य बिंदु से एक ओर चालीस फीट की चैड़ाई में निर्माण कराने की मांग रखी। उनका कहना है कि शहर लगातार बढ़ रहा है। बीस - तीस वर्ष पहले के मुकाबले में यातायात आज कई गुना बढ़ चुका है। ऐसे में वर्तमान में शासन की ओर से जो बड़ी रकम सड़क निर्माण के लिए लगाई जाने वाली है उससे होने वाला निर्माण पुनः कुछ वर्षों में नाकाफी साबित होने लगेगा। इसे ध्यान में रखते हुए मध्य बिंदु से दोनों ओर चालीस - चालीस फीट में निर्माण कराया जाना चाहिए और इस दायरे में आने वाले सभी अतिक्रमण को हटाया जाना चाहिए। 

होगा सड़क के मध्य बिंदु का चिन्हांकन
बैठक में लोगांे ने सर्वप्रथम सड़क के मध्य बिंदु का चिन्हांकन करने का सुझाव दिया। लोगों का कहना है कि अंबिकापुर रोड पर पूर्व में हुए सड़क निर्माण में मध्य बिंदु का ध्यान रखे बिना एक ओर सड़क विस्तार की कार्रवाई की गई है जिससे वर्तमान में मध्य बिंदु अपने वास्तविक स्थान पर नहीं है। ऐसे में सड़क की वर्तमान स्थिति में मध्यबिंदु का चिन्हांकन करने से अंबिकापुर रोड के उन लोगों को नुकसान उठाना पड़ेगा जिनकी ओर पूर्व में ही सड़क का एकतरफा विस्तार किया जा चुका है। लोगों के सुझाव पर एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि सड़क की भूमि का चिन्हांकन राजस्व रिकाॅर्ड के आधार पर होगा। और चिन्हांकन के बाद लोगों को इस पर दावा - आपत्ति करने के लिए समय दिया जाएगा और इनका रिकाॅर्ड के आधार पर निराकरण किया जाएगा।