*कुख्यात लुटेरा अमेरिकन पैंकरा जशपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा, जिले में लगातार तीन लूट की वारदातों को दिया था अंजाम, साथियों में से एक को कोरबा पुलिस ने पकड़ा, दूसरे की भी हुई पहचान*
जशपुर। कुख्यात लुटेरे अमेरिकन पैंकरा को जशपुर पुलिस ने धर दबोचा है। उस पर जशपुर जिले में लूट की लगातार तीन घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। आरोपी आदतन अपराधी है और उसके विरूद्ध जशपुर जिले के सन्ना और बगीचा थाना के साथ ही कोरबा और सरगुजा जिले के कई थाना क्षेत्रों में भी चोरी,लूट व आर्म्स एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त अपाचे मोटरसायकल भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार बीते 14 अप्रैल को थाना बगीचा अंतर्गत ग्राम सराईटोली निवासी प्रकाश गुप्ता, थाना बगीचा में पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मारोल के साप्ताहिक बाजार में गल्ला खरीदने के दौरान दोपहर करीब 1.30 बजे वह दुकान पर अकेला था, उसी समय तीन अज्ञात व्यक्ति अपाचे मोटरसाइकिल से आए और उनमें से दो लोग देसी कट्टा दिखाकर उसके पैसा वाला बैग और मोबाइल लूटकर भाग गए। उसके बैग में 46700 रुपए थे।
उसी दिन यू एस एग्रो सीड कंपनी में काम करने वाले सतीश यादव निवासी फिरोजपुर ने भी थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, बगीचा के ग्राम गुरमाकोना में तीन अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से आए और कट्टा दिखाकर उसके पर्स में रखा 1800 रुपए तथा मोबाइल को लूटकर ले गए। रिपोर्ट पर थाना बगीचा में लूट के लिए बीएनएस की धारा 309(4) तथा 25,27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था। इसी प्रकार ग्राम अलोरी सोनक्यारी में भी एक व्यापारी से कट्टा दिखाकर करीब 45000 रुपए लूटने की घटना सामने आई थी जिसकी रिपोर्ट सोनक्यारी चौकी में दर्ज की गई थी। सिलसिलेवार तीन लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में आरोपियों की पातासाजी व गिरफ्तारी हेतु पुलिस की पांच टीमें गठित की गई थीं वहीं पुलिस के मुखबिरी तंत्र को भी सक्रिय किया गया था। पुलिस द्वारा मामले की पतासाजी के लिए टेक्निकल टीम की भी मदद ली जा रही थी। पुलिस टीम के द्वारा तकनीकी तथा व्यवसायिक दक्षता का परिचय देते हुए मामले में एक आरोपी अमेरिकन पैकरा निवासी मानपुर बतौली को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी अमेरिकन ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि उक्त तीनों लूट की घटना को उसने अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। लूट में उसके साथी रहे धनेश्वर मिंज को कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अमेरिकन की निशानदेही पर अपराध में शामिल उसके साथी रतन लकड़ा को भी पुलिस के द्वारा चिन्हित कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से लूट की घटना में प्रयुक्त चोरी की अपाचे मोटर साइकल को भी पुलिस ने बरामद कर जप्त कर लिया है। वहीं लूटी गई रकम आरोपी ने शादी, शॉपिंग तथा घरेलू इस्तेमाल में खर्च कर देने की बात कही है। आरोपी अमेरिकन पैकरा, उम्र 24 वर्ष ,निवासी मानपुर थाना बतौली जिला सरगुजा (छ.ग) के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों में से दो आरोपियों को कोरबा व जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, एक अन्य आरोपी शेष है। उन्होंने शेष आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लेने की बात कही है।
आदतन है अपराधी
पुलिस के हत्थे चढ़ा अमेरिकन आदतन अपराधी बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ केवल जशपुर जिले में दर्ज लूट के तीन मामले ही नहीं हैं। इसके विरुद्ध कोरबा, बतौली, लखनपुर व सीतापुर में भी चोरी व लूट के प्रकरण दर्ज हैं जिनका खुलासा पुलिस की पूछताछ में हुआ है। इसमें चोरी, लूट और अवैध हथियार रखने के मामले शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी अमेरिकन पैंकरा ने बताया कि उसने जिला कोरबा के ग्राम अमल डीहा, थाना श्यांग में 24 अप्रैल को अपने अन्य साथी धनेश्वर मिंज तथा रतन लकड़ा के साथ साप्ताहिक बाजार में देशी कट्टा दिखाकर लूट की घटना को अंजाम भी दिया है। इसके अतिरिक्त उसने ग्राम सोन क्यारी से एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल को भी चोरी करने की बात स्वीकार की वहीं ग्राम मरोल की लूट की घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल को पत्थलगांव के कुमेकेला से चोरी करना बताया है।





