IND vs ENG सीरीज का नाम बदला, पटौदी नहीं बल्कि इन दो दिग्गजों के नाम पर होगी ट्रॉफी
India-England Test series: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले टेस्ट सीरीज को लेकर एक बड़ा फैसला किया गया है. पटौदी सीरीज के नाम पर खेली जाने वाली सीरीज का नाम बदलकर अब ...
IND vs ENG सीरीज का नाम बदला, पटौदी नहीं बल्कि इन दो दिग्गजों के नाम पर होगी ट्रॉफी
भारत और इंग्लैंड टेस्ट सीरीज (IND vs ENG Test Series) को पटौदी ट्रॉफी के नाम से जाना जाता था. लेकिन अब पटौदी ट्रॉफी का नाम बदल दिया गया है. यानी इस बार होने वाली भारत और इंग्लैंड सीरीज अब पटौदी ट्रॉफी नहीं बल्कि सचिन तेंदुलकर और जेम्स एंडरसन ट्रॉफी (Sachin Tendulkar and James Anderson Trophy, IND vs ENG Test Series) के नाम से खेली जाएगी. भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 20 जून से शुरू हो रही है. बता दें कि साल 2007 से पटौदी ट्रॉफी सीरीज भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही थी लेकिन अब पटौदी ट्रॉफी को रिटायर करने का फैसला कर लिया गया है.
बता दें कि जब 2007 में भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट क्रिकेट के 75 साल पूरे हुए थे तो इस सीरीज को पटौदी ट्रॉफी का नाम दिया गया था. लेकिन अब पटौदी की जगह यह टेस्ट सीरीज तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी के नाम से खेली जाएगी. बता दें कि भारत के पूर्व कप्तान इफ्तिखार अली खान पटौदी और मंसूर अली खान पटौदी के सम्मान में इस सीरीज का नाम पटौदी ट्रॉफी रखा गया था.
बता दें कि भारत के सचिन तेंदुलकर 15,921 रन बनाकर टेस्ट इतिहास में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं. 52 साल के तेंदुलकर ने 1989 से 2013 के बीच 200 टेस्ट मैच खेले. दूसरी ओर जेम्स एंडरसन इंग्लैंड के सर्वकालिक सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं, वो 704 विकेट लेकर टेस्ट क्रिकेट में सबसे सफल तेज़ गेंदबाज़ हैं .
वहीं,पटौदी ट्रॉफी के नाम को हटाने जाने की बात सुनकर सुनील गावस्कर हैरत में हैं और उन्होंने इसपर अपनी नाराजगी भी जताई है. गावस्कर ने स्पोर्ट्स्टार में अपने एक कॉलम में लिखा, " ECB इंग्लैंड और भारत के बीच इंग्लैंड में खेले जाने वाले टेस्ट सीरीज़ के विजेताओं को दी जाने वाली पटौदी ट्रॉफी को हटाने जा रहा है, यह वाकई परेशान करने वाली खबर है. यह पहली बार है जब व्यक्तिगत खिलाड़ियों के नाम पर रखी गई ट्रॉफी को हटाया जा रहा है, हालांकि यह पूरी तरह ECB का निर्णय है और BCCI को शायद इसकी जानकारी दी गई होगी. यह पटौदी परिवार के इंग्लैंड और भारत में क्रिकेट में योगदान के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है."

भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज शेड्यूल (India vs England Test Series Schedule)
पहला टेस्ट- 20 जून से 24 जून
दूसरा टेस्ट- 2 जुलाई से 6 जुलाई
तीसरा टेस्ट 10 जुलाई से 14 जुलाई
चौथा टेस्ट 23 जुलाई से 27 जुलाई तक
पांचवां टेस्ट 31 जुलाई से 4 अगस्त तक





