छत्तीसगढ़ में 41 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष हथियार डालकर किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ में 41 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष हथियार डालकर किया आत्मसमर्पण

बीजापुर। जिले में नक्सली गतिविधियों के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। लगातार दबाव और बदलते हालातों के बीच नक्सली संगठन को एक और बड़ा झटका लगा है। जिले में कुल 41 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिन पर कुल 1 करोड़ 19 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

सरेंडर करने वाले माओवादियों में 12 महिलाएँ और 29 पुरुष शामिल हैं। इन कैडरों में पीएलजीए बटालियन-01 के सदस्य, विभिन्न कंपनियों के जवान, एसीएम, प्लाटून और मिलिशिया कमांडर, आरपीसी और जनताना सरकार के पदाधिकारी जैसे कई महत्वपूर्ण रैंक भी शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण बस्तर में नक्सल उन्मूलन अभियान को यह बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उनका कहना है कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादियों को पुनर्वास योजना के तहत नई शुरुआत करने में मदद दी जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, सरेंडर सूची में साउथ सब-जोनल ब्यूरो के 39 माओवादी भी शामिल हैं, जो कई वर्षों से अलग-अलग घटनाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास जताते हुए समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। यह आत्मसमर्पण बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र कुमार यादव, केरिपु सेक्टर और बस्तर रेंज पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में संभव हो पाया।