SIR सर्वे में लगे BLO पर जानलेवा हमला, ईंट मारकर फोड़ा सिर, आरोपी गिरफ्तार
भिलाई। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान बीएलओ पर हमला करने का मामला सामने आया है। भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र में एक युवक ने नशे की हालत में बीएलओ पर पत्थर से वार कर दिया। हमले में बीएलओ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, बीएलओ रूपेश कुमार जोशी निर्वाचन आयोग के निर्देश पर वार्ड-44, गोकुल नगर इलाके में घर-घर सर्वे कर रहे थे। उनके साथ निगम कर्मचारी पी. कार्तिक और दिनेश भी मौजूद थे। दोपहर करीब 1 बजे मोहल्ले के ही युवक जावेद हुसैन ने बीएलओ से बहस शुरू कर दी। उसने सर्वे करने से मना करते हुए धमकी दी कि “यहां से भाग जाओ, नहीं तो मार दूंगा।” इसके बाद उसने पत्थर उठाकर बीएलओ के सिर पर वार कर दिया।
मौके पर मौजूद निगम कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह बीएलओ को बचाया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि उन्होंने रोकने की कोशिश नहीं की होती, तो आरोपी जावेद बीएलओ की जान भी ले सकता था।
घटना की सूचना मिलने के बाद छावनी एसडीएम हितेश पिस्दा और खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना मंगलवार की है। पुलिस मामले को गंभीर मानते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

Public reporter 



