CG : छत्तीसगढ़ में ट्रैफिक नियमों की उड़ रही धज्जियां, हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को फटकारा
बिलासपुर : बिलासपुर हाई कोर्ट ने हाल ही में वायरल हुए दो वीडियो को लेकर राज्य सरकार को फटकार लगाई है। एक वीडियो में बीएमओ द्वारा स्कॉर्पियो की बोनट पर केक रखकर सड़क पर जन्मदिन मनाने और दूसरे में रिवर व्यू इलाके में युवक द्वारा कार की बोनट पर बैठकर दबंगई भरा स्टंट करने के मामलों पर कड़ी टिप्पणी की है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने कहा कि अमीर और प्रभावशाली लोग खुलेआम ट्रैफिक नियम तोड़ रहे हैं और राज्य सरकार की गाइडलाइंस केवल कागजों में सीमित रह गई हैं।कोर्ट को बताया गया कि स्टंट वाले मामले में एफआईआर दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया गया है, लेकिन अदालत ने स्पष्ट किया कि लगातार हो रही घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि सरकारी निर्देश जमीनी स्तर पर लागू नहीं हो रहे, अपराधी बेखौफ हैं और प्रशासन असहाय नजर आ रहा है। हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव को व्यक्तिगत हलफनामा देने का आदेश दिया है और चेतावनी दी कि यदि सरकार ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो कोर्ट आवश्यक निर्देश जारी करेगा।

Public reporter 



