बस्तर अंचल के समग्र विकास पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ली उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर अंचल के समग्र विकास को लेकर आज उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास के समन्वित मॉडल को मजबूती देना रहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बस्तर में स्थायी शांति और तेज विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए प्रशासनिक तंत्र को पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जाना जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरस्थ वनांचलों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए और विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि धरातल पर प्रभावी बदलाव नजर आए।
बैठक में बस्तर संभाग में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और विश्वास के जरिए ही बस्तर में स्थायी शांति कायम की जा सकती है।
इस समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बस्तर क्षेत्र में चल रही योजनाओं और भावी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।

Public reporter 



