यूट्यूबर बेटी ने हंसिए से पिता का गला काटा, मौत: कैरेक्टर पर सवाल उठाने पर भड़की

यूट्यूबर बेटी ने हंसिए से पिता का गला काटा, मौत: कैरेक्टर पर सवाल उठाने पर भड़की

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक यूट्यूबर बेटी ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी।

घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया स्थित लिममुंडा बस्ती की है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उनकी बड़ी बेटी गीता केवट (27) को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, अशोक कुमार केवट की पत्नी और तीन बेटियां पिछले आठ वर्षों से उनसे अलग कोरबा शहर में रह रही थीं।

बताया जा रहा है कि अशोक शराब का आदी था और पत्नी-बेटियों के चरित्र पर शक करता था, जिससे आए दिन विवाद होता था। इसी कारण परिवार अलग रहने लगा था। 9 फरवरी को पत्नी और तीनों बेटियां जमीन के मुआवजे से जुड़े काम के लिए गांव आई थीं और उसी रात घर में रुकी थीं।

रात करीब दो बजे पिता और बड़ी बेटी गीता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान अशोक ने बेटी को अपशब्द कहे और उसके चरित्र पर सवाल उठाया।

इससे गुस्साई गीता ने घर में रखे हंसिए से पिता के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद गीता घर से बाहर निकली और रिश्तेदारों को बताया कि उसने अपने पिता को मार दिया है। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे, जहां अशोक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। पास में ही वारदात में इस्तेमाल किया गया हंसिया भी बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती सोशल मीडिया और यूट्यूब पर काफी सक्रिय थी और अक्सर वीडियो ब्लॉग बनाती थी। हाल ही में एक शिक्षाकर्मी के साथ वीडियो वायरल होने के बाद विवाद भी हुआ था। थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।