लैब तकनीशियन के अभाव में जांच के लिए भटक रहे ग्रामीण, नहीं मिल पा रहा समुचित इलाज, लोगों में नाराजगी, कहा समाधान नहीं होने पर करेंगे आंदोलन

लैब तकनीशियन के अभाव में जांच के लिए भटक रहे ग्रामीण, नहीं मिल पा रहा समुचित इलाज, लोगों में नाराजगी, कहा समाधान नहीं होने पर करेंगे आंदोलन

तमता। ग्राम पंचायत तमता के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेक्नीशियन के अभाव में ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में मौसमी बीमारियों के प्रकोप से जूझ रहे लोगों को लैब टेक्नीशियन की कमी के कारण जांच नहीं हो पाने से समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। इसे लेकर लोगों में खासी नाराजगी देखने को मिल रही है। बीएमओ ने समस्या के जल्द ही समाधान का भरोसा दिलाया है। 

उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत तमता में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है। केंद्र स्थल पर होने के कारण तमता के साथ ही आस-पास के क्षेत्रों के लिए भी यह इकलौता स्वास्थ्य केंद्र है जहां लोगों को सम-सामयिक बीमारियों का प्राथमिक उपचार मिल पाता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां बीमारियों के उपचार के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए यहां चिकित्सकों के साथ ही लैब की सुविधा भी शासन के द्वारा उपलब्ध कराई गई है ताकि लोग ग्रामीण स्तर पर ही अपनी बीमारियों का निदान पा सकें और तदनुसार उनका उपचार किया जा सके। परंतु बताया जाता है कि कुछ माह पूर्व यहां पदस्थ टेक्नीशियन को दूसरे स्वास्थ्य केंद्र में भेज दिया गया है। तब से यहां पर समुचित उपचार हासिल कर पाना ग्रामीणों के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। गौरतलब है कि शासकीय लैब नहीं होने से लोगों को जांच के लिए निजी लैब की मदद लेनी पड़ती है परंतु इसके लिए ग्रामीणों को दवाईयों के साथ ही जांच का भी दोहरा आर्थिक बोझ उठाना पड़ जाता है। इससे शासकीय स्वास्थ्य केंद्र होने के बावजूद ग्रामीणों को खासी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि बारिश के कारण क्षेत्र में मौसमी बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ गया है। ऐसे में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच रहे हैं। परंतु लैब टेक्नीशियन के अभाव में उन्हें परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। गामीणों ने इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक तो उपलब्ध हैं परंतु जब तक यह पता नहीं लग जाता कि व्यक्ति को बीमारी क्या है तब तक वे उसका उपचार कैसे कर सकते हैं। ऐसे में या तो ग्रामीणों को बाहर जांच कराने को मजबूर होना पड़ता है। और कई बार इसके लिए भी पत्थलगांव आना पड़ जाता है जिससे ग्रामीण पिस रहे हैं। ग्रामीणों ने इसे लेकर उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया है वहीं उन्होंने जल्द ही समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन करने की बात कही है। 

‘‘ तमता में टेक्नीशियन का पद वर्तमान में रिक्त है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। हाल ही में हुए स्थानांतरण में यहां टेक्नीशियन मिलने की उम्मीद थी। परंतु ऐसा नहीं हो पाया है। स्थिति को देखते हुए जीवन दीप समिति के माध्यम से अस्थायी रूप से टेक्नीशियन की नियुक्ति जल्द ही कराई जाएगी।‘‘

डाॅ जेम्स मिंज, बी एम ओ, पत्थलगांव