खेल का मैदान, सीखने की सबसे बड़ी पाठशाला, सफलता की सबसे मजबूत सीढ़ी:सांसद बृजमोहन

खेल का मैदान, सीखने की सबसे बड़ी पाठशाला, सफलता की सबसे मजबूत सीढ़ी:सांसद बृजमोहन

रायपुर। एक समय था जब कहा जाता था— “खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब”, लेकिन आज का भारत बदल चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी ‘खेलो इंडिया’ पहल ने इस सोच को बदलकर नया संदेश दिया है, “खेलोगे कूदोगे तो होगे कामयाब  ”यह बात सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने अभनपुर में सांसद खेल महोत्सव में कही

रायपुर लोकसभा क्षेत्र में गुरुवार को सांसद खेल महोत्सव के दूसरे चरण का भव्य आयोजन अभनपुर विकासखंड के गातापारा स्थित जीवोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया। खेल और संस्कृति से भरे इस शानदार महोत्सव में स्थानीय खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके आगमन पर पूरे आयोजन स्थल का माहौल जोश, अनुशासन और सांस्कृतिक गौरव से भर गया।

कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स के कैडेट्स द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट से हुई, जिसने मैदान में अनुशासन और ऊर्जा का संदेश दिया। स्वागत-सम्मान के क्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, पारंपरिक कर्मा नृत्य, तथा सेजस अभनपुर के छात्रों द्वारा ‘खेलो इंडिया’ थीम पर प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शक दीर्घा तालियों से गूंज उठी और पूरा परिसर उत्साह से भर गया।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “सांसद खेल महोत्सव सिर्फ खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान देने का एक राष्ट्रीय अभियान है। गांवों में छिपी अनगिनत प्रतिभाओं को बड़े मंच तक पहुंचाने के लिए यह महोत्सव ऐतिहासिक अवसर प्रदान कर रहा है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया मिशन ने खेलों के प्रति नई सोच और ऊर्जा दी है। आज खिलाड़ी सिर्फ मैदान के सितारे नहीं, बल्कि देश के रोल मॉडल और ब्रांड एम्बेसडर बन रहे हैं।

अभनपुर में आयोजित यह विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता महोत्सव का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुई, जहां विभिन्न आयु वर्गों के करीब एक हजार प्रतिभावान खिलाड़ियों ने 13 पारंपरिक व आधुनिक खेलों में भाग लेते हुए अपना कौशल प्रदर्शित किया। यहां के विजेता रायपुर में दिसंबर में होने वाले तीसरे और फाइनल आयोजन में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
अभनपुर से 14862 खिलाड़ियों ने सांसद खेल महोत्सव में पंजीयन कराया है।