सुगम व्यवस्था से किसान खुश: धान खरीदी केंद्र में बिंदेश्वर ने सुगमता से बेची अपनी उपज

सुगम व्यवस्था से किसान खुश: धान खरीदी केंद्र में बिंदेश्वर ने सुगमता से बेची अपनी उपज

जशपुरनगर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सक्षम नेतृत्व में जशपुर जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया सु व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु जिले के विभिन्न खरीदी केंद्रों में किसानों की लगातार आवक बनी हुई है। शासन द्वारा लागू की गई किसान हितैषी नीतियों एवं पारदर्शी व्यवस्था का सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से ज़मीनी स्तर पर परिलक्षित हो रहा है।

धान उपार्जन केंद्र में अपनी उपज विक्रय करने पहुंचे ग्राम पतरा टोली के कृषक बिंदेश्वर सिंह पिता देव राज ने बताया कि केंद्र पर उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर केंद्र में प्रवेश मिला तथा धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई। केंद्र में उन्हें नया एवं स्वच्छ बारदाना उपलब्ध कराया गया और तौल कार्य भी समयबद्ध ढंग से पूरा किया गया। सुव्यवस्थित व्यवस्था के चलते समय की बचत के साथ-साथ धान विक्रय की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही। कृषक ने बताया कि वे लगभग 200 क्विंटल धान लेकर केंद्र पहुंचे थे।

कृषक ने बताया कि डिजिटल टोकन प्रणाली एवं सुनियोजित प्रबंधन के कारण अब धान बेचने में काफी सहूलियत हो रही है। उन्होंने शासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और सम्मान की अनुभूति हो रही है।