BLO से मारपीट के मामले में FIR दर्ज, आरोपी महिला फरार, तलाश में जुटी पुलिस…

BLO से मारपीट के मामले में FIR दर्ज, आरोपी महिला फरार, तलाश में जुटी पुलिस…

खम्हारडीह पुलिस ने शक्तिनगर उपरवारा में एसआईआर ड्यूटी में लगी बीएलओ टीम के साथ गाली-गलौज व मारपीट करके शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में एक महिला के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग मिली है। वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल है। जिसमें महिला गाली-गलौज व मारपीट करती नजर आ रही है। बीएलओ टीम से मतदाता सूची से संबंधित किसी जानकारी को मांगने के दौरान विवाद हुआ है।

घटना 29 नवंबर की शाम की है। राजधानी रायपुर के शक्तिनगर उपरपारा क्षेत्र में बीएलओ ड्यूटी कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वंदना सोनी (54 वर्ष) पर एक महिला ने अचानक हमला कर दिया। वंदना सोनी ने इस संबंध में FIR दर्ज कराई है। घटना के वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

आरोपी महिला की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन बीएलओ ने उसके मोबाइल नंबर की जानकारी दी, जिसकी जांच में पता चला कि नंबर सविता बाघवाल नाम से रजिस्टर्ड है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

कैसे हुई घटना ?

वंदना सोनी 29 नवंबर की शाम अपनी सहयोगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ईश्वरी तिवारी और रामेश्वरी देवांगन के साथ एसआईआर कार्य में लगी थीं। तभी एक महिला वहां पहुंची और जानकारी मांगते हुए अचानक गाली-गलौज करने लगी। सहयोगियों ने रोकने की कोशिश की तो वह और उग्र हो गई और वंदना सोनी से मारपीट करने लगी।

वीडियो में आरोपी महिला वंदना सोनी के बेटे को भी झापड़ मारते दिखाई दे रही है। इतना ही नहीं, वह चप्पल उतारकर उन्हें मारने दौड़ाती और बीएलओ पर रेत फेंकती भी नजर आई। खम्हारडीह थाना TI ने बताया कि इस मामले में 296, 351(2), 263(5), 132 बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी महिला फरार है। उनका लोकेशन ट्रैक किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।