अवैध धान भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, इन दो राइस मिलो में पड़ा छापा, 22 हजार क्विंटल धान जब्त
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में प्रशासन ने अवैध धान भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो राइस मिलों में छापेमारी की। धमतरी जिले के ग्राम सोरम स्थित फूलमानी राइस मिल और धमतरी शहर की अशोक राइस मिल में की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध रूप से रखे गए धान और चावल का भंडार पकड़ा गया। दोनों मिलें नियमों को दरकिनार कर बड़े पैमाने पर स्टॉक जमा कर रही थीं।
जांच टीम को दोनों मिलों से लगभग 22 हजार क्विंटल धान और 10 हजार क्विंटल चावल मिला। जब्त माल की कुल कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इस संयुक्त कार्रवाई में राजस्व, खाद्य विभाग, मार्कफेड और मंडी बोर्ड के अधिकारी शामिल रहे।
अवैध परिवहन पर कड़ी नजर
धमतरी कलेक्टर अबिनाष मिश्रा ने कहा कि जब्त धान की आवक को खंगाला जाएगा। कब-कहां से और किससे धान लिया गया इसकी पतासाजी की जाएगी। उन्होंने बताया कि अवैध धान भंडारण और परिवहन रोकने के लिए राजस्व, कृषि, खाद्य, सहकारिता और मंडी विभाग की संयुक्त उड़नदस्ता टीम सक्रिय है। उड़ीसा सीमा से लगे बोराई, बांसपानी, बनरौद और सांकरा चेकपोस्टों पर 24 घंटे निगरानी की जा रही है। अब तक अवैध परिवहन व भंडारण के 28 मामलों में कुल 1,253 मीट्रिक टन धान और दो वाहनों को जब्त किया गया है। कार्रवाई लगातार जारी है।
शिकायतों के लिए कंट्रोल सेंटर सक्रिय
कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 11 में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित है, जहां अब तक प्राप्त 17 शिकायतों में से 14 का समाधान किया जा चुका है और शेष 3 पर कार्यवाही जारी है। किसान 07722-232808 पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।

Public reporter 



