BALCO के G-9 प्रोजेक्ट पर DFO ने लगा दी रोक, उद्योग मंत्री ने किया था उद्घाटन, मगर पूर्व मंत्री जयसिंह की शिकायत के बाद लगा स्टे

BALCO के G-9 प्रोजेक्ट पर DFO ने लगा दी रोक, उद्योग मंत्री ने किया था उद्घाटन, मगर पूर्व मंत्री जयसिंह की शिकायत के बाद लगा स्टे

कोरबा। बालको के बहुमंजिला आधुनिक भवन G-9 के निर्माण पर डीएफओं ने रोक लगा दी है। एक पखवाड़े पहले ही उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने बालको के इस G-9 प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया था। इसके बाद निर्माण को गति मिलती, इससे पहले ही पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने इस निर्माण पर गंभीर अनियमितता और मनमानी के आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री और कलेक्टर से शिकायत की थी। इसके बाद डीएफओ ने बालको प्रबंधन के G-9 प्रोजेक्ट पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश जारी किया है। इस आदेश के बाद एक बार फिर राजनीति हलके में चर्चा तेज हो गयी है।

यह मामला बालको के सेक्टर 6 में बनने वाले जी-9 बहुमंजिला आधुनिक आवासीय मकानों के निर्माण से जुड़ा है। जिसका हाल ही में 17 नवंबर को श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने भूमिपूजन किया था। मंत्री लखन देवांगन के भूमिपूजन के ठीक 3 दिन बाद पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने इस निर्माण पर आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत कर जांच की मांग की थी। जयसिंह ने बालको के इस प्रोजक्ट के निर्माण संबंधी अनुमति में गंभीर अनियमितताओं के साथ ही कानूनी नियमों का उल्लंघन किये जाने का गंभीर आरोप लगाया था।

क्या है G -9 की शिकायत

बालको के G-9 भवन निर्माण पर जयसिंह अग्रवाल ने प्रबंधन पर राजस्व नियमों, पर्यावरणीय कानूनों, वन संरक्षण अधिनियम समेत सभी वैधानिक नियम और कानून की धज्जियां उड़ाने का गंभीर आरोप लगाया था। जयसिंह अग्रवाल ने बालको प्रबंधन पर मनमानी और नियमों की धज्जियां उड़ाकर 9 मंजिला भवन बनाने का गंभीर आरोप लगाते हुए, जिला प्रशासन और वन विभाग की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठाये थे। पूर्व मंत्री अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बालको के इस निर्माण पर तत्काल रोक लगाकर जांच की मांग करने के साथ ही कलेक्टर अजीत वसंत को भी इसकी शिकायत की थी। जिस पर अब कोरबा डीएफओं ने निर्माण कार्य पर स्टे लगाकर जांच शुरू कर दी है।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की शिकायत के बाद 01 दिसंबर 2025 को कोरबा डीएफओ प्रेमलता यादव ने बालको के G-9 प्रोजेक्ट के निर्माण पर रोक लगा दी है। डीएफओ ने जारी आदेश में बालको प्रबंधन और बिल्डिंग का निर्माण कर रहे आलुवालिया कंपनी के नाम पर पत्र जारी किया है। जिसमें उल्लेख किया गया है कि….पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने G-9 प्रोजेक्ट में राजस्व नियमों, पर्यावरणीय कानूनों, वन भूमि संरक्षण अधिनियम, नगर नियोजन अधिनियम और लोक मार्ग अवरोधन कृत्यों की उच्च स्तरीय जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की गयी है। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की इस शिकायत के बाद डीएफओ ने जांच टीम गठित कर उक्त बिंदुओं पर जांच के निर्देश दिये है। वहीं शिकायत का निराकरण होने तक निर्माण कार्य को पूर्ण रूप से बंद रखने का आदेश दिया गया है। देखें आदेश :