खालसा क्रिकेट क्लब जम्मू की 166 रन से करारी हार

खालसा क्रिकेट क्लब जम्मू की 166 रन से करारी हार

पहला मैच देहली खालसा वारियर्स ने 7 रन से जीता

रायपुर। शहीद भाई तारुसिंग फाउंडेशन की ओर से आयोजित 17 वीं एसपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में पहला मैच देहली खालसा वारियर्स व चंडीगढ़ सिंग्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए देहली की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। जिसमें सिंग देओल की 31 (19 गेंद) रनों की शानदार पारी रही जिसमें उन्होने 3 शानदार छक्के भी लगाए। उनके अलावा गंगासिंग ने 44, जसकरणवीर सिंग 29 व प्रभुप्रीत ने 27 रनों योगदान दिया। चंडीगढ़ सिंग्स की ओर से गुरबेज सिंग ने 38 रन देकर 3 विकेट व साहिब व एन एस लोचन ने 1-1 विकेट लिए।  जवाबी पारी खेलने के लिए उतरी चंडीगढ़ सिंग्स के खिलाडिय़ों ने प्रयास तो किया लक्ष्य तक पहुंचने का लेकिन इससे पहले 8 विकेट पर 158 रन ही बना पाए और 7 रनों से मैच खो बैठे। एन एस लोचम की अर्धशतकीय पारी 54 रन (41 गेंद) के अलावा जोरावर सिंग ने 37 व मनिंदर ने 13 रनों की सहयोगी पारी खेली वहीं 24 एक्स्ट्रा रनों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। लेकिन पारी 158 रन से आगे नहीं बढ़ पायी । देहली के जसकरणवीर सिंग की घातक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को मुश्किल हुई उन्होने 4 ओवर में मात्र 12 रन देकर 5 विकेट लिए। इसलिए उन्हे प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनके अलावा इंदरप्रीत लाडी  ने 2 व सिंग देओल ने 1 विकेट लिए।  

खालसा क्रिकेट क्लब जम्मू की 166 रन से करारी हार

दूसरे मैच में सिंग ए पंजाब पटियाला ने खालसा क्रिकेट क्लब जम्मू को 166 रनों से करारी शिकस्त दी। पटियाला की ओर से इंदरप्रीत सिंग की तूफानी पारी 133 रन (52 गेंद) के सामने जम्मू के बालर असहाय नजर आ रहे थे जब उन्होने मैदान के चारो तरफ 14 चौके व 9 छक्कों की बौछार कर दी। उन्हे मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। कुमे अंबाला 31 रन, जसप्रीत 20 रन व जीवनजोत के 18 रन भी 233 (4 विकेट के नुकसान पर) रन के विशाल स्कोर में शामिल रहे। जम्मू के बालर औपचारिकता निभाते दिखे कवलप्रीत को 2,अमन व समान सिंग को 1-1 विकेट मिले। खालसा  क्रिकेट क्लब जम्मू ने आज बेहद ही खराब प्रदर्शन किया मात्र 67 रन में पूरी टीम आउट हो गई,स्थिति ये रही कि पांच खिलाड़ी तो शून्य पर ही आउट हो गए । मात्र राबिन ने 21 व दमनप्रीत ने 27 रन बनाए। पटियाला की ओर से गुरदीप 3,जसकरण व रणजीत ने 2-2 विकेट लिए।  खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए आज टाटीबंध गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, देवपुरी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, दयालबाग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बिलासपुर के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।