पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल में काम करने की थी आग, लेकिन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई योजनाएं
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दिलोदिमाग में छत्तीसगढ़ के लिए बहुत कुछ करने की आग थी। लेकिन, यह आग दबकर रह गई और विविध योजनाओं को क्रियान्वित नहीं कर सकीं। पूर्व मुख्यमंत्री की पूर्ववर्ती सरकार की योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। यह कहना है भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर का। उक्त विचार चंद्राकर ने गत दिनों छत्तीसगढ़ विधानसभा के पुराने भवन में आयोजित एक दिवसीय विशेष विधानसभा सत्र के दौरान व्यक्त किए थे। उनके द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लिए व्यक्त किया गया यह विचार इन दिनों चर्चा में हैं।
भाजपा के अनेक नेता दबी जुबान से स्वीकार करते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा को जीवित रखने की अलख जगाई थी। आम जनता को ऐसा लग रहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने अच्छी शुरुआत की है और आने वाले समय में निश्चित ही छत्तीसगढ़ की संस्कृति का डंका बजेगा। लेकिन, अफसोस कि तत्कालीन उच्चाधिकारियों ने अनेक घोटाले किए और उन घोटालों की वजह से पूर्व मुख्यमंत्री की छवि खराब हुई। जनहित और प्रदेश के विकास की अनेक योजनाएं पूरी नहीं हो पाई।भाजपा नेताओं के साथ ही कांग्रेस के अनेक नेता आज भी पूर्व मुख्यमंत्री के बिजली बिल में 400 यूनिट तक हाफ शुल्क की छूट को याद करते नहीं थकते। इस योजना ने पूर्व मुख्यमंत्री को घर-घर में लोकप्रिय कर दिया था। वर्तमान सरकार ने जब 400 यूनिट की छूट को सीमित करके 100 यूनिट तक हाफ बिल योजना की घोषणा की, तब इससे लोगों को पूर्व मुख्यमंत्री बघेल की अच्छी घोषणा पुनः याद आ रही है। वर्तमान मुख्यमंत्री को भी अहसास होने लगा है कि बिजली बिल में छूट की सीमा 100 यूनिट करने से जनता आक्रोशित है, इसीलिए पूर्व में की गई घोषणा में संशोधन करके यूनिट सीमा को 200 करके जनता को राहत देने की कोशिश की जा रही है।

Public reporter 



