समाधान शिविर में शामिल हुईं विधायक गोमती साय, रूबरू होकर आम लोगों से ली जानकारी, सुशासन तिहार के अंतर्गत नगरपंचायत ने आयोजित किया समाधान शिविर

समाधान शिविर में शामिल हुईं विधायक गोमती साय, रूबरू होकर आम लोगों से ली जानकारी, सुशासन तिहार के अंतर्गत नगरपंचायत ने आयोजित किया समाधान शिविर

पत्‍थलगांव। सुशासन तिहार के तहत नगर पंचायत पत्थलगांव में आयोजित समाधान शिविर में विधायक गोमती साय शामिल हुईं। यहां वे नागरिकों से रूबरू हुईं और उनकी समस्‍याओं के बारे में जानकारी हासिल की। उन्‍होंने अधिकारियों को मौके पर ही समस्‍याओं का निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

       छत्तीसगढ़ सरकार की महत्त्वाकांक्षी पहल "सुशासन तिहार" अब राज्य के कोने-कोने तक अपनी छाप छोड़ रही है। इसके पहले चरण में लोगों से उनकी समस्‍याओं और मांगों को लेकर आवेदन जमा कराए गए थे। दूसरे चरण में विभागों के द्वारा इन आवेदनों का निराकरण किया गया। इसके तीसरे चरण में प्रदेश के सभी भागों में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं, जिसमें जनप्रतिनिधिगण आम लोगों के रूबरू होकर उनकी समस्‍याओं के लिए विभागों द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इस संबंध में कोई असंतोष होने पर अधिकारियों को जनसमस्‍याओं के निराकरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इस जनकल्याणकारी योजना के अंतर्गत शासन जनता के द्वार तक पहुँच रहा है और समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज नगर पंचायत पत्थलगांव में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक श्रीमती गोमती साय ने स्वयं उपस्थित होकर नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्‍होंने अधिकारियों से प्राप्‍त और निराकृत आवेदनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कई आवेदनों को प्राथमिकता देते हुए अनेक मुद्दों का स्थल पर ही समाधान सुनिश्चित किया। जनसंवाद, त्वरित समाधान और सेवाओं की सीधी पहुँच ने आम जनता के बीच विश्वास को और भी मजबूत किया है। यह शिविर न केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम बना, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि छत्तीसगढ़ सरकार हर वक्त, हर स्थान पर आमजन के साथ खड़ी है। आज के कार्यक्रम मे मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, पूर्व मण्डल अध्यक्ष अनिल मित्तल,हरजीत सिंह भाटिया, मण्डल अध्यक्ष अंकित बंसल, अवधेश गुप्ता,नगरपंचायत अध्यक्ष संगीता सिंह,सुनील गर्ग,विशु शर्मा, भुनेश्वरी बेहरा सहित जनपद सदस्‍य, एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी, मुख्‍य नगरपालिका अधिकारी मो जावेद खान, बीईओ विनोद पैंकरा समेत समस्‍त विभागों के अधिकारी व कर्मचारीगण, भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्‍थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्‍मान

कार्यक्रम के दौरान विधायक गोमती ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्‍मानित भी किया। इसमें छग माध्‍यमिक शिक्षा मण्‍डल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की परीक्षा में छग में प्रथम स्‍थान हासिल करने वाले नमन खुंटिया, तीसरा स्‍थान हासिल करने वाले टिकेश यादव, आठवां स्‍थान हासिल करने वाली संजना पैंकरा के साथ ही उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन करने वाले स्‍वामी आत्‍मानंद अमा स्‍क्‍ूल पत्‍थलगांव के हर्ष साहू,अवी कुमार बड़ाईक,सशिमं के अनमोल साहू, रागिनी साहू, इंदिरा गांधी कन्‍या स्‍कूल की भावना मिर्रे, जानवी मिर्रे और जोगपाल स्‍कूल की मायशा सिद्दीकी के नाम शामिल हैं। कक्षा 12 में स्‍वामी आत्‍मानंद स्‍कूल के शिवम मित्‍तल, आशी बड़ा, सशिमं के यदुमणि यादव,इंदिरा गांधी कन्‍या स्‍कूल की रितु यादव, अंबिका,जोगपाल स्‍कूल के वेदांशु गोयल और होली क्रॉस स्‍कूल की रितु बेक को भी सम्‍मानित किया गया।